हल्द्वानी। सांसद अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर नैनीताल जिले में सरकारी बीटेक कॉलेज खोलने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लोकसभा क्षेत्र में एक भी सरकारी बीटेक कॉलेज नहीं है जिस कारण गरीब और वंचित वर्ग के छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोग काफी समय से सरकारी बीटेक काॅलेज खोलने की मांग कर रहे हैं। भट्ट का कहना है कि अधिकतर छात्र जो बीपीएल श्रेणी से नीचे हैं वह बीटेक जैसे प्रोफेशनल कोर्स करने के इच्छुक रहते हैं लेकिन आर्थिक स्थिति एवं संसाधनों की कमी के कारण वह ऐसा नहीं कर पाते हैं। सरकारी बीटेक कॉलेज की स्थापना से गरीब छात्रों को भी उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।