भीमताल (नैनीताल)। 10 महीने पहले जंगलियागांव के ग्रामीण इसलिए उत्साहित थे कि उनके गांव को सांसद ने गोद लिया था। सांसद सत्ताधारी पार्टी से हैं इसलिए ग्रामीणों की उम्मीदें खूब परवान चढ़ीं। लेकिन अब ग्रामीणों का आरोप है कि सांसद ने गोद लिए गांव की सुध नहीं ली। सांसद की ओर से स्ट्रीट लाइट के सिवाए अन्य किसी किसी योजना के लिए पैसा नहीं मिला।
भीमताल से 10 किमी दूर जंगलियागांव आज भी सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और शिक्षा जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है। जंगलियागांव-शिमाला मोटर मार्ग के लिए 3.68 करोड़ और बुढाधूरा मोटर मार्ग में 1.17 करोड़ से डामरीकरण का प्रस्ताव कई वर्षों से शासन में लंबित है। मोटर मार्ग की खस्ता हालत होने से हर समय हादसे का खतरा बना रहता है। बार-बार मांग के बाद भी जंगलियागांव इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग निर्माण, स्कूल में विज्ञान वर्ग की कक्षाएं शुरू कराने, भवन निर्माण पर सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि सांसद ने आज तक गांव का रुख नहीं किया। तोक नौली शिमाला निवासी ललित आर्य के अनुसार गांव के लोगों को सांसद से बहुत आस है। हम चाहते हैं कि सांसद निधि से गांव की समस्याओं का निदान हो।
ब्लाक से हो रहे हैं विकास कार्य
भीमताल। ब्लॉक के माध्यम से गांव में 12 जल संरक्षण टैंक, गौशाला, बकरी बाड़ा सहित मनरेगा के तहत 25 योजनाओं पर काम हो रहा है।
जनप्रतिनिधियों की पीड़ा
जब गांव गोद लिया था तब सांसद से काफी उम्मीदें थी। ये उम्मीदें आज तक पूरी नहीं हुई हैं।
राधा कुल्याल, ग्राम प्रधान जंगलियागांव
सांसद को गोद लिए हुए गांव की सुध लेनी चाहिए और गांव में आकर समस्याओं को सुनना चाहिए।
-अनिल चनौतिया, जिला पंचायत सदस्य
जंगलियागांव को गोद लेने से मलुवाताल और हरीनगर के लोगों को भी सांसद से बड़ी उम्मीद थी लेकिन कोई काम नहीं हुआ।
- मदन मोहन कुल्याल, बीडीसी सदस्य
सांसद का पक्ष
मैं भले ही जंगलियागांव नहीं जा पाया हूं लेकिन वहां की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर नजर बनाए हूं। हर महीने समीक्षा कर डीएम से वार्ता कर देखने को कहा है कि गांव में क्या-क्या हो रहा है। कुछ लोग समस्या को लेकर मिलने आए थे उनकी समस्याओं को हल किया है। सांसद निधि से सोलर लाइट दी है। जल्द गांव में जाकर समस्याएं हल कराई जाएंगी।
-अजय भट्ट, सांसद