हल्द्वानी। बैसाख में सावन का अहसास हो रहा है। मई के शुरुआती तीन दिनों में ही पूरे महीने की औसत बारिश से ज्यादा पानी बरस गया है। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को भी मौसम बदला रह सकता है।
नैनीताल जिले के विभिन्न स्थानों पर बारिश हो रही है। मई के ये दिन भीषण गर्मी के लिए जाने जाते हैं लेकिन लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है। एक से तीन मई तक अभी तक पूरे जिले में 60 मिमी औसत बारिश हो चुकी है जबकि सामान्य तौर पर पूरे मई में 47 मिमी बारिश होती है। तीन दिन में ही मई में होने वाली सामान्य बारिश से ज्यादा पानी बरस चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, बृहस्पतिवार को भी बारिश हो सकती है। इसके बाद मौसम साफ होने लगेगा। साथ ही आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होगी। संवाद
हल्द्वानी में नैनीताल जैसी ठंड
हल्द्वानी। बुधवार को हल्द्वानी में दो से तीन बार बौछारें पड़ीं। यहां तापमान पूरी तरह से गिर चुका है। हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री रहा जो सामान्य से करीब 11 डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 16.2 डिग्री था। मौसम विभाग के अनुसार, इन दिनों सामान्य तौर पर नैनीताल में इतना पारा होता है। हल्द्वानी में ठंड इतनी बढ़ गई है कि एसी बंद हो गए हैं और रात को कंबल ओढ़ रहे हैं।
1971, 1983 और 1987 में हुई थी मूसलाधार बारिश
हल्द्वानी। मौसम विज्ञान केेंद्र देहरादून के अनुसार मई में आमतौर पर कम बारिश होती है। इस बार जैसी बारिश हो रही है कुछ इसी तरह की बारिश इससे पहले साल 1971, 1983 और 1987 की मई में हो चुकी है। हल्द्वानी में मई 1971 में एक ही दिन में 120.8 मिमी बारिश हुई थी। हालांकि साल 2021 और साल 2022 की मई में भी सामान्य से ज्यादा बारिश हुई थी। साल 2021 में साइक्लोन ताऊ-ते और साल 2022 में पश्चिमी विक्षोभ ज्यादा बारिश का कारण बना था।
गौला हुई रिचार्ज
हल्द्वानी। गौला नदी में पिछले दिनों कम होता पानी चिंता का सबब था तो वहीं बारिश की वजह से नदी का जलस्तर सुधर गया है। एक सप्ताह पूर्व तक बैराज का जलस्तर 90 क्यूसेक तक गिर गया था तो वहीं अब ये 260 क्यूसेक तक आ गया है। इसके साथ ही वनाग्नि की घटनाओं से भी राहत मिली है। जंगलों में अच्छी नमी बन गई है।
कोट
बारिश की वजह से तापमान में काफी गिरावट आई है। मैदानी इलाकों में भी ठंड का अहसास होने लगा है। मौसम साफ होने के बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी।
-डॉ. आरके सिंह, मौसम विज्ञानी, जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय, पंतनगर।
==============
अल्मोड़ा हाईवे पर पहाड़ी से गिरे पत्थर
गरमपानी (नैनीताल)। अल्मोड़ा-भवाली हाईवे, रानीखेत और बेतालघाट मोटर मार्ग पर तीन दिनों से हो रही बारिश के चलते पहाड़ी से गिर रहे पत्थर और बोल्डर से हादसा होने का भय बना है। वहीं यात्रियों और स्थानीय लोगों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार दोपहर दो बजे रातीघाट-बेतालघाट मोटर मार्ग में नौणा की पहाड़ी से पत्थर और बोल्डर गिर गए। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में वाहन चालकों ने सड़क पर गिरे पत्थरों को किनारे लगाया। वहीं भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग के पाडली, जौरासी, काकड़ीघाट, लोहाली में भी पत्थर गिरते रहे।
इधर, खैरना-रानीखेत मोटर मार्ग में कनवाड़ी की पहाड़ी से पत्थर गिरने और नौणा के पास सड़क में जल भराव होने वाहन चालक और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर भीमताल, धारी, ओखलकांडा, रामगढ़, बेतालघाट, मुक्तेश्वर में बारिश से सेब, आडू, खुमानी, पूलम और नाशपाती के फलों को नुकसान पहुंचा है। किसानों ने विभाग से सर्वे कर मुआवजा दिलाने की मांग की है।