धनतेरस पर जमकर धनवर्षा हुई। पूरा दिन शुभ होने के कारण शुक्रवार को दिन भर बाजार गुलजार रहा। 125 करोड़ के वाहनों की बिक्री तो 50 करोड़ से अधिक का सोना बिका।
धनतेरस के लिए पूरा दिन शुभ होने के कारण शुक्रवार दिन भर बाजार गुलजार रहा। शुभ मुहूर्त में सुबह 8:58 बजे से ही बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। दोपहर दो बजे बाद भीड़ बढ़नी शुरू हुई और शाम होते-होते बाजार और शापिंग मॉल में पैर रखने को जगह नहीं मिली। सबसे ज्यादा भीड़ बर्तन और सर्राफा बाजार में रही। वहीं ऑटोमोबाइल सेक्टर में करीब 1400 से अधिक वाहन बिके और 125 करोड़ से अधिक का कारोबार रहा। धनतेरस पर अकेले हल्द्वानी में 290 करोड़ के कारोबार का अनुमान लगाया जा रहा है। दीपावली पर्व के लिए बाजार को बिजली और फूलों की आकर्षक माला से सजाया गया।
विज्ञापन
शाम को हल्द्वानी की बाजारों में खरीदारी के लिए ऐसे भीड़ उमड़ी कि देर रात तक खरीदारी चलती रही। पटेल चौक, बर्तन बाजार, मीरा मार्ग, रेलवे बाजार, सदर बाजार, नैनीताल रोड आदि जगहों पर आभूषणों, कपड़ों, सजावट की चीजों के अलावा बर्तन, मिठाई की दुकानों में ग्राहकों की काफी भीड़ रही। एमबी इंटर काॅलेज के मैदान में लगे पटाखा बाजार में भी लोगों ने खरीदारी की। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा ने बताया कि बीते वर्ष की तुलना में इस बार सभी तरह के कारोबार में करीब दस फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।
125 करोड़ से अधिक रहा वाहन कारोबार
कारोबारियों के अनुसार, ऑटोमोबाइल सेक्टर में करीब 125 करोड़ की बिक्री हुई। पहले से बुक कराने के बाद शुक्रवार को शुभ मुहूर्त में लोगों ने मनपसंद वाहनों की खरीदारी की। इसके अलावा ऑटो, इलेट्रिक वाहन, ई रिक्शा वाहनों का कारोबार भी काफी ज्यादा रहा। दोपहिया वाहनों में टीवीएस के 400 वाहन बिके। टाटा के ट्रक और छोटा हाथी के 25 वाहन बिके। अमित ऑटोमोबाइल्स के एमडी अमित साहनी ने बताया कि 400 दोपहिया वाहन, 25 ट्रक बिके। मारुति सुजुकी के सीईओ भूपेश अग्रवाल ने बताया कि मैक्सा और एरीसा के 225 वाहन बिके। किया मोटर्स और हाेंडा कार के एमडी गौरव सिंह के अनुसार किया के 13 और होंडा के 35 वाहन बिके। फैक्स वेगनार कार के जीएम सेल्स उत्तम सिंह राणा ने बताया कि 10 वाहन बिके। वहीं अग्रवाल ऑटोजोन के एमडी सौरभ अग्रवाल ने बताया कि 15 ट्रक धनतेरस के दिन बिके हैं।
विज्ञापन
सर्राफा कारोबार 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी
आभूषण कारोबार में भी इजाफा देखा गया। भीड़ देख कारोबारियों के भी चेहरे खिल उठे। ग्रीन सिटी सर्राफा एवं स्वर्णकार एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम रस्तोगी ने बताया कि सोना, चांदी के अलावा लोगों ने हीरे के आभूषणों की भी खरीदारी की। सर्राफा कारोबारी राजेश अग्रवाल ने बताया कि इस बार आभूषण कारोबार में 20 फीसदी का अनुमानित इजाफा हुआ है। वहीं सर्राफा कारोबारी नवीन वर्मा ने बताया कि लगभग 50 करोड़ से अधिक का कारोबार हुआ है।
सहालग के लिए भी आभूषण खरीदे
जल्द शुुरू होने वाले सहालग सीजन के लिए लोगों ने आभूषण खरीदने का दिन धनतेरस के दिन को चुना। कंगन, मांग टीका, नथ, पौंची और मंगलसूत्र के अलावा अंगूठी की बिक्री हुई। इधर सर्राफा कारोबारी राजेश अग्रवाल ने बताया कि डायमंड रिंग 12 से 10 लाख रुपये, नेकलेस 80 हजार से 25 लाख,चूडि़यां 1.50 लाख से 20 लाख, टॉप्स 15 हजार रुपये से 20 लाख तक के आभूषणों पर लोगों ने रुचि दिखाई। वहीं स्वर्ण में अंगूठी पांच हजार रुपये से शुरु थी। तो टॉप्स 35 हजार, सोने की चूड़ियां एक लाख, हार 50 हजार, चेन 12 हजार, मंगलसूत्र 30 हजार, मांग टीका और नथ 20 हजार रुपये से शुरू थे और वजन के अनुसार इनकी कीमत तय थी।
गुलजार रहा बर्तन बाजार
बर्तनों की खरीद पर लोगों का ज्यादा जोर रहा। बर्तन बाजार में लोगों ने कढ़ाई, कूकर, फ्राईपैन से लेकर सैंडविच मेकर, ओवन भी खरीदे। सबसे ज्यादा तांबे, चांदी और पीतल के बर्तन बिके। तांबे में कलश, फिल्टर, लोटे से लेकर पूजा की थाली और पीतल का सिंहासन, मूर्तियां, ग्लास, चम्मच, कटोरे, पूजा थाल आदि खूब बिके।
बच्चों और महिलाओं के कपड़े खूब बिके
कपड़ों की दुकान में काफी भीड़ देखने को मिली। ब्रांडेड कपड़ों की डिमांड काफी रही। ऑफर मिलने पर मॉल में ज्यादा भीड़ रही। बच्चों, महिलाओं के कपड़ों की सबसे ज्यादा बिकवाली रही। वहीं लोगों ने घरों के लिए गद्दे, बैडशीट, पर्दों की भी खरीददारी की। कृष्णा हैंडलूम के स्वामी तनुज गुप्ता ने बताया कि 190 रुपये से 2600 रुपये तक कॉटन में बैडशीट और 165 से 1100 रुपये तक के पर्दों की डिमांड अच्छी रही। हालांकि इस बार उतना उत्साह नहीं दिखा। कारोबारियों का अनुमान है कि रेडीमेड गारमेंट्स का कारोबार पांच करोड़ के आसपास रहा।
फूलों का अपेक्षा से कम रहा कारोबार
घर को सजाने के लिए लोगों ने फूल-मालाओं की खरीद तो की लेकिन इस बार ज्यादा नहीं रहा। फूलों के कारोबारी जाकिर हुसैन ने बताया कि लगभग एक लाख रुपये का ही कारोबार हुआ है। पिछले सालों से अब कारोबार कम हो रहा है। शनिवार को अच्छी खरीदारी की उम्मीद है।
डेढ़ करोड़ के ड्राई फूड और मिठाई के कारोबार का अनुमान
जिले में ड्राई फूड और मिठाई का करीब डेढ़ करोड के कारोबार का अनुमान है। लोगों ने स्थानीय दुकानों के अलावा मॉल से भी आकर्षक पैक में उपलब्ध ड्राई फूड और मिठाईयां, मेवे खरीदे। नैनीताल रोड में नानक डीपीज के स्वामी आदित्य गुप्ता ने बताया कि इस बार 50 फीसदी मिठाई और ड्राई फूड का कारोबार बढ़ा है।
बाजार में ऐपण, बिजली की माला भी बिकी
ऐपण, कलेंडर, फूल, मंदिर के सजावटी चीजें आदि के अलावा बिजली की मालाओं की भी खूब बिकवाली रही। इलेट्रानिक में बिजली की मालाएं 30 रुपये से शुरु थी और 1500 रुपये तक बिकीं।