एसटीएच अस्पताल में भर्ती लोक गायक बिशन सिंह टंगड़िया
- फोटो : अमर उजाला
शरीर में सूजन और सांस फूलने के कारण सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती बागेश्वर के गाड़िया डोबा निवासी लोक गायक बिशन सिंह टंगड़िया को आयुष्मान कार्ड का लाभ नहीं मिल रहा है। आयुष्मान कार्ड होने के बाद भी टंगड़िया ने भर्ती होने से लेकर जांचों तक के लिए धनराशि जमा की है।
टंगड़िया को शुक्रवार को शरीर में सूजन और सांस फूलने के कारण सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। टंगड़िया की आर्थिक हालत खराब है। शुक्रवार को अस्पताल पहुंचने के साथ ही उन्होंने अटल आयुष्मान कार्ड दिखाया था। कार्ड देखने के बाद भी एसटीएच कर्मियों ने कोई जवाब नहीं दिया गया। टंगड़िया एसटीएच के सी ब्लाक के बेड नंबर सात पर भर्ती हैं। टंगड़िया के बेटे पुष्कर का कहना है कि शुक्रवार को अटल आयुष्मान और बीपीएल कार्ड दोनों दिखाए थे पर डाक्टरों और स्टाफ ने कोई जवाब नहीं दिया।
पांच सौ रुपये जमा करके पिता को इलाज के लिए भर्ती कराया। खून की जांच के लिए भी 500 रुपये देने पड़े जबकि 90 रुपये एक्सरे के जमा हुए। बताया कि बाहर से दवाएं भी मंगाई गई। दूसरी ओर एसटीएच के एमएस डॉ. अरुण जोशी का कहना है कि टंगड़िया और उनके बेटे ने अटल आयुष्मान कार्ड नहीं दिखाया। सोमवार से अटल आयुष्मान योजना से टंगड़िया का इलाज होगा।