मोदी सरकार का एक साल पूरा होने पर केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने एवं गिनाने आए पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डा. महेश शर्मा ने ‘जन कल्याण सभा’ में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा सांसद भगत सिंह कोश्यारी की तारीफ की। डा. शर्मा ने कहा कि राजनीति की काली कोठरी में भी कोश्यारी बेदाग हैं। उन्होंने कोश्यारी को प्रधानमंत्री मोदी का प्रतिबिंब बताते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता कोश्यारी से कभी निराश और हताश नहीं होगी।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार सामाजिक उत्थान के कार्यों को प्राथमिकता दे रही है। अटल पेंशन, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, जनधन योजना, 12 और 330 रुपये में बीमा योजनाएं शुरू की हैं। ये योजनाएं अंबानी या अडानी के परिवार के लिए बल्कि देश की आम जनता के लिए हैं। पहली बार ओलावृष्टि और अतिवृष्टि को राष्ट्रीय आपदा में शामिल कर किसानों को मुआवजा दिया जा रहा है। पंडित दीनदयाल बिजली योजना में हर गांव तक बिजली पहुंचाई जानी है। इसमें पांच फीसदी बिजली विभाग और 10 फीसदी प्रदेश सरकार और 85 फीसदी केंद्र सरकार बजट होगा।
सांसद कोश्यारी ने कहा कि जमरानी बांध निर्माण इसी साल शुरू हो जाएगा। इस दौरान प्रदेश महामंत्री प्रकाश पंत, विधायक दान सिंह भंडारी, राजकुमार ठकुराल, मेयर जोगेंद्र रौतेला, नवीन दुम्का, दीपक मेहरा समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे। वहीं, कार्यक्रम में भाजपा की गुटबाजी भी साफ दिखी, सिर्फ कोश्यारी गुट के नेता ही मौजूद थे।