हल्द्वानी। विधायक सुमित हृदयेश ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत से भेंट कर इस बात पर रोष जताया कि सरकार दमुवाढूंगा क्षेत्र में रह रहे लोगों को भूमिधरी अधिकार देने के बजाय उन्हें कब्जाधारी बताकर बेदखल करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसका विरोध करेगी।दमुवाढूंगा के ग्रामीणों के साथ आयुक्त कार्यालय पहुंचे विधायक ने कहा कि वर्ष 2016 में तत्कालीन सरकार ने दमुवाढूंगा क्षेत्र को बंदोबस्ती राजस्व ग्राम घोषित किया था। कहा कि इसके बाद भी मौजूदा प्रशासन वहां रह रहे लोगों को उजाड़ने पर तुला हुआ है। यह सिर्फ जमीन का नहीं बल्कि सैकड़ों लोगों के जीवन, भविष्य और उनके न्याय के अधिकार का मामला है। उन्होंने लंबे समय से वहां रह रहे लोगों को नियमित कराने, कब्जा करने वाले बाहरी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति को बिना कारण परेशान नहीं किया जाएगा और सभी को अपना पक्ष रखने और साक्ष्य प्रस्तुत करने का पूरा अवसर मिलेगा। ज्ञापन देने वालों में कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष गोविन्द सिंह बिष्ट, हरीश लाल वैद्य, महेशानंद, फकीर राम टम्टा, कृष्ण कुमार, केसी भाई, जगदीश भारती, लाल सिंह पंवार आदि थे।