बीती 24 मई से लापता अल्मोड़ा निवासी और यहां एक होटल में कार्य करने वाले युवक का सड़ागला शव रविवार सुबह टूटा पहाड़ क्षेत्र से लगे बलियानाला से बरामद हुआ। मामले में मृतक के चचेरे भाई नेे 27 मई को तल्लीताल थाने में युवक की गुमशुदगी लिखाई थी। आशंका जताई जा रही है कि युवक रास्ता भटक गया होगा और अंधेरे में वह खाई में गिर गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई।
तल्लीताल मस्जिद के पास किराने की दुकान चलाने वाले अफजल हुसैन को सुबह करीब नौ बजे कुछ कबाड़ बीनने वालों ने टूटा पहाड़ से लगे बलियानाला क्षेत्र में औंधे मुंह युवक का शव पड़े होने की सूचना दी। बाद में अफजल की सूचना पर थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक पुलिस टीम, क्षेत्र के युवकों और कुछ नेपालियों के साथ मौके पर सड़क से करीब 200 मीटर नीचे पहुंचे। नेपालियों और क्षेत्रवासियों की मदद से शव को बमुश्किल मुख्य मार्ग तक लाया गया।
यहां अर्जुन प्रसाद ने शव की शिनाख्त चचेरे भाई राजेंद्र प्रसाद उर्फ राजू (24) पुत्र हरीश राम निवासी ग्राम घरकट, पोस्ट भनोली जिला अल्मोड़ा और हाल मालरोड स्थित गुरुदीप होटल में कर्मी के रूप में की। अर्जुन होटल में होमगार्ड के रूप में तैनात है। अर्जुन ने बताया कि उसने 27 को तल्लीताल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराते हुए कहा था कि राजू 24 मई की रात करीब नौ बजे होटल से चचेरे भाई के साले की शादी में जाने की बात कहकर गया था और तभी से लापता है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
नेपालियों की मदद रही सराहनीय
नैनीताल। टूटा पहाड़ के पथरीले और खतरनाक रास्ते से शव को ऊपर सड़क तक लाने में नेपाली मन बहादुर, धन बहादुर, नंदू बहादुर, जग्गू बहादुर, जामू शेख, अल्ला रख्खा, प्यारुल, नूर, मिलौन, मोईन, जयवीर, नौशाद आदि ने मदद की।
10 बजे तक था विवाह समारोह में
नैनीताल। बीती 24 मई को राजू जूनियर हाईस्कूल में आयोजित चचेरे भाई अर्जुन के साले की शादी में आया हुआ था। जिसे रात 10 बजे तक विवाह समारोह में देखा गया। उसी रात से वह लापता हो गया था।