नैनीताल/पतलोट। कुमाऊं विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर में शुक्रवार को बीएससी प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए जीवविज्ञान और गणित वर्ग की पहली मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई है। बीएससी प्रथम सेमेस्टर में शनिवार से प्रवेश शुरू हो जाएंगे। संकायाध्यक्ष विज्ञान प्रो. एसपीएस मेहता ने बताया कि जीव विज्ञान और गणित वर्ग में 96.4 से 88 फीसदी अंकों वाले 160-160 विद्यार्थियों की सूची जारी की गई है। उधर, परिसर में बीए, बीकॉम की मेरिट जारी होने के बाद शुक्रवार को प्रवेश किए गए। बीए में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों की भीड़ देखने को मिली, जबकि बीकॉम में कम संख्या में विद्यार्थी पहुंचे। बीकॉम के कई विद्यार्थियों के पास दस्तावेजों की मूल प्रति न होने पर उन्हें लौटना पड़ा। पहले दिन बीए में 41 और बीकॉम में दो विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। इधर, ओखलकांडा के पतलोट महाविद्यालय की प्रवेश समिति ने बीए प्रथम सेमेस्टर की वरीयता सूची जारी कर दी है। समिति के प्रभारी प्रो. संतोष कुमार ने बताया कि कॉलेज में बीए प्रथम सेमेस्टर में 91 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। यतिन ढैय्या (88.4 प्रतिशत) प्रथम, महेश पनेरु (79) द्वितीय, चंपा (77.6) तृतीय स्थान पर रहे। इधर, छात्रसंघ और क्षेत्र के अभिभावकों ने विश्वविद्यालय की प्रवेश समिति से ऑफलाइन आवेदन खोलने की मांग की है। वहां पर छात्रसंघ अध्यक्ष कमल पनेरु, सचिव दीक्षा मटियाली, गीता कफल्टिया, रंजू मेहरा, पूरन भट्ट, मोहन भट्ट, प्रेमबल्लभ, नवीन भट्ट आदि थे।
डीएसबी परिसर में बीएससी की मेरिट लिस्ट जारी