हल्द्वानी। रामपुर रोड सुशीला तिवारी अस्पताल के सामने मानसिक रूप से कमजोर युवक ने जमकर हंगामा किया। युवक हाथ में ईंट लेकर वाहनों के पीछे दौड़ने लगा। इससे सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। गुस्साए राहगीरों ने उसे पकड़कर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।
सुशीला तिवारी अस्पताल के बाहर रविवार को एक युवक अर्द्धनग्न होकर बीच सड़क पर खड़ा हो गया। इस दौरान वह सड़क से गुजर रहे वाहनों के पीछे ईंट लेकर दौड़ने लगा। इससे वाहन चालकों में खलबली मच गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। समाजसेवी हेमंत गोनिया ने वीडियो बनाकर पुलिस को सूचना दी। कुछ युवकों ने हिम्मत दिखाकर युवक को पकड़कर उसकी पिटाई लगा दी और पुलिस को सौंप दिया। एक घंटे बाद वह दोबारा सुशीला तिवारी के पास घूमते नजर आया। पुलिस के अनुसार युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है, उसे चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
जाम लगाना पड़ा महंगा, 10 हजार का चालान
रामपुर रोड स्थित एक बरातघर में रॉयल इंडिया वैकेशन का कार्यक्रम था। इस दौरान एक रैली निकाली गई। रैली के कारण सड़क जाम हो गई। मौके पर पहुंचे टीपीनगर चौकी इंचार्ज दीपक बिष्ट ने शिवकांत झा का 10 हजार का चालान काटा दिया। चौकी इंचार्ज के अनुसार बारात घर में सेमिनार आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम संचालकों ने यातायात नियम और शर्तों का पालन करने की बात कही लेकिन तीन बजे निकाली रैली से हाईवे जाम हो गया।
काठगोदाम में देर शाम लगा जाम
छुट्टी के कारण काठगोदाम में रविवार देर शाम ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से लंबा जाम लग गया। इससे लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। गौला पुल की एप्रोच रोड टूटने के कारण गौलापार, चोरगलिया, सितारगंज आने-जाने वाले लोग भी इसी रास्ते का प्रयोग कर रहे हैं। इससे स्थिति और बिगड़ गई। हालांकि काठगोदाम थानाध्यक्ष विमल मिश्रा टीम के साथ ट्रैफिक व्यवस्था बनाने में लगे रहे। इसके बाद भी वाहनों की लंबी कतार लग गई। रात नौ बजे तक जाम के हालात बने रहे।