नानकमत्ता। गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब की प्रबंधक कमेटी ने आनंद विवाह अधिनियम का उत्तराखंड में भी लागू करने की मांग की है। इसके लिए कमेटी की ओर से प्रस्ताव पारित किया गया है। कमेटी के अनुसार आनंद कारज के माध्यम से होने वाले सिख विवाह को विधिक मान्यता विषयक आनंद विवाह अधिनियम उत्तराखंड में भी पास किया जाना चाहिए।
गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी श्री नानकमत्ता साहिब के प्रबंधक कमेटी के सदस्यों की बैठक अध्यक्ष डॉ. हरबंस सिंह चुघ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई। देर शाम तक चली बैठक में पूर्व कमेटी की ओर से अधूरे छोड़े गए निर्माण कार्य पूरे कराने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। यह भी कहा गया कि गुरुनानक कन्या इंटर कॉलेज के भवन का निर्माण किया जाएगा। पुराने पार्किंग स्थल की छत बनाकर अधूरी दुकानों को पूरा किया जाएगा। संचालन महासचिव अमरजीत सिंह ने किया।
इस मौके पर सचिव हरभजन सिंह, जोगेंदर सिंह, देवेंदर सिंह, निर्मल सिंह, गुरवंत सिंह सोनी, प्रतपाल सिंह, राजेंदर सिंह, सुखदेव सिंह, चरनजीत सिंह, पलविंदर सिंह आदि मौजूद रहे।
लाइब्रेरी से रुमाला की बिक्री होगी
नानकमत्ता। बैठक में तय हुआ कि गुरुद्वारा साहिब में बड़ी संख्या में चढ़ाए जाने वाले रुमाला की बिक्री कराई जाएगी। बिक्री से प्राप्त भेंटा राशि से पृथक कोष तैयार किया जाएगा। इसका उपयोग सिख बच्चों की शिक्षा के लिए किया जाएगा। संवाद
अमृतसर और चंडीगढ़ के लिए सीधी ट्रेन चलाने का प्रस्ताव पास
नानकमत्ता। बैठक में तराई क्षेत्र से अमृतसर और चंडीगढ़ के लिए सीधी रेल गाड़ियों की मांग का प्रस्ताव कमेटी से पारित किया गया। इसके लिए कमेटी पत्राचार करेगी। संवाद
ये निर्णय भी लिए गए
-जनवरी की अमावस्या में बच्चों के लिए दस्तारबंदी कराई जाएगी।
- पांच फरवरी को भाई सहजपाल सिंह की अगुवाई में अमृत प्रचार संगत का महान समागम श्री नानकमत्ता साहिब गुरुद्वारे में कराया जाएगा।
- गुरुद्वारा साहिब की करीब 100 एकड़ भूमि पर यूकेलिप्टस के पौधे लगाए जाएंगे।
-गुरुद्वारा साहिब आने वाले अतिथियों का स्वागत सरोपे के रूप में धार्मिक साहित्य देकर किया जाएगा।