मेडिकल स्टोर को सील करने की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। डीएम की कार्रवाई के विरोध में सभी ने मेडिकल स्टोर बंद कर दिए। केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मुलाकात की और अपनी समस्याएं बताईं। डीएम से आश्वासन मिलने के बाद देर शाम सभी मेडिकल स्टोर खुल गए।
बृहस्पतिवार को डीएम दीपक रावत ने शिव फार्मेसी में खामियां मिलने के बाद मेडिकल स्टोर को सील करा दिया था। इसके विरोध में मेडिकल स्टोर स्वामियों ने दुकानें बंद कर दी। व्यापारी नेता गोविंद बगड्वाल, राजीव जायसवाल, केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज कांडपाल, उपाध्यक्ष शेखर सेमवाल, सहसचिव बिन्नी अग्रवाल, नवीन पाठक आदि डीएम से मिलने पहुंचे।
डीएम ने प्रतिनिधिमंडल से तीन सवाल किए, लेकिन जवाब किसी के पास भी नहीं था। उन्होंने पूछा लाइसेंस समाप्त होने के बाद दुकान चला सकते हैं, शेड्यूल एच की दवा का विवरण रखना अनिवार्य है या नहीं और बिना डाक्टर के पर्चे के शेड्यूल एच की दवा कैसे बेची जा रही हैं। डीएम रावत ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि ड्रग इंस्पेक्टर की जांच रिपोर्ट के बाद न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी।