सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज को डेंगू की जांच के लिए एलाइजा जांच किट मिल गई है। अमर उजाला ने इस समस्या को 11 अक्तूबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल ने बताया कि मेडिकल कॉलेज की लैब को दो एलाइजा किट दी गई हैं। एक किट से करीब 96 टेस्ट किए जा सकते हैं। यानी 192 रोगियों की डेंगू की एलाइजा जांच हो सकेगी। उन्होंने बताया कि यह किट मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलाॅजी लैब की ओर से की गई डिमांड के बाद राष्ट्रीय वैक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के तहत उपलब्ध कराई गई हैं।
किट होने के बाद भी निशुल्क नहीं हो रही जांच
सुशीला तिवारी अस्पताल किट होने के बावजूद अपने मरीजों की जांच निशुल्क नहीं करा पा रहा है। सेंट्रल लैब जांच का जिम्मा पीओसीटी के पास है। एलाइजा जांच के लिए वह शुल्क ले रहा है। जबकि अभी तक मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब से मरीजों की निशुल्क जांच हो रही थी। अब डेंगू का खतरा बढ़ रहा है, हर दिन अस्पतालों में डेंगू के मरीज आ रहे हैं।