बाजार से जब्त की गई 60 किलो पालीथिन नगर निगम कार्यालय से चोरी होने के मामले में मेयर डा. जोगेंद्र सिंह रौतेला ने चुप्पी तोड़ते हुए कर्मचारियों पर ही अंगुली उठाई है। मेयर डा. रौतेला ने मुख्य नगर अधिकारी पर लेटर बम फोड़ा है। मुख्य नगर अधिकारी को भेजे पत्र में मेयर ने कहा कि हाईकोर्ट ने पालीथिन पर प्रतिबंध लगाया है। मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है। जब्त पालीथिन के सबूत मिटाने के मकसद से ही कर्मचारियों ने पालीथिन चोरी करवाई है। मेयर के लेटर बम से कर्मचारियों में खलबली मची है।
नगर निगम परिसर में चोरी की घटनाएं आम हैं। निगम के वाहनों की बैटरियां, कार्यालय के द्वितीय तल से पंखों और शौचालय की टोंटी के बाद अब पिछले दिनों 60 किलो पालीथिन चोरी हो गई थी। पालीथिन प्रकरण कोर्ट के विचाराधीन होने से इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
हालांकि पूर्व में हुई चोरियों की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है। पालीथिन चोरी प्रकरण में मेयर डा. जोगेंद्र सिंह रौतेला ने मुख्य नगर अधिकारी आरडी पालीवाल पर ही लेटर बम फोड़ा है। मेयर ने पत्र में कहा है कि चोरी की घटनाएं कर्मचारियों की मिलीभगत से हो रही हैं। पालीथिन भी कर्मचारियों ने चोरी करवाई है। इधर, सूत्रों का कहना है कि मुख्य नगर अधिकारी ने अपने स्तर पर भी इसकी जांच शुरू करवा दी है। जांच के बाद इस मामले में दोषी कर्मचारियों पर गाज गिरनी तय है।
निगम कार्यालय से चोरी होना गंभीर अपराध है। ऐसी घटनाएं कर्मचारियों की मिलीभगत के बिना संभव नहीं हैं। दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कर्मचारी निगम से गोपनीय फाइलें और रिकार्ड भी चोरी करवा सकते हैं।
- जोगेंद्र सिंह रौतेला, मेयर