आईटीआई रोड पर एक बारात घर के पास शराब के ठेके का विरोध कर रही महिलाओं का गुस्सा शुक्रवार को सातवें आसमान पर जा पहुंचा। धक्कामुक्की से नाराज महिलाएं लाठियां लेकर दुकान में पहुंच गई। उनका गुस्सा देख ठेकेदार के कर्मचारी भाग खड़े हुए।
महिलाओं का कहना था कि यहां किसी कीमत पर ठेका नहीं चलाया जाना चाहिए। कोतवाली पुलिस ने महिलाओं को समझा बुझाकर हटा दिया। हीरानगर गेट, पालीशीट बाईपास रोड और हिम्मतपुर मल्ला में शराब ठेके के खिलाफ महिलाओं का धरना प्रदर्शन जारी रहा।
आईटीआई रोड पर पंचेश्वर मंदिर के पास 15 दिन पहले शराब का ठेका खोला गया था। यहां काफी लोगों की भीड़ लगने पर शुक्रवार की सुबह महिलाएं पूछताछ करने के लिए ठेके के सामने पहुंची। उस समय कर्मचारियों ने धक्का देकर दीपा जोशी सहित अन्य महिलाओं को हटा दिया।
शाम को महिलाएं लाठियां लेकर शराब ठेके की तरफ बढ़ी तो ठेकेदार के कर्मचारी दुकान बंद कर भाग खड़े हुए। महिलाओं का कहना था कि यहां ठेका खुलने से क्षेत्र का माहौल खराब हो गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस समझाकर महिलाओं को शांत कराया। इस मौके पर पार्वती कुशबाहा, बीडीसी सुनीता चिलवाल, कमला बिष्ट, सुमन खाती, चंदा भट्ट, कंचन जोशी, सुमन सिंह, पुष्पा, बसंती आदि मौजूद रही।
प्रमुख और प्रधानों ने डीएम को सौंपा पत्र
हिम्मतपुर मल्ला में शराब की दुकान खोलने के विरोध में ब्लाक प्रमुख और ग्राम प्रधानों ने डीएम को पत्र सौंपा है। पत्र में कहा गया है कि कि इस क्षेत्र में चार बारात घर हैं। शराब की दुकान खुलने से लोगों के सामाजिक कार्यक्रमों पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा।
कुछ दिन पहले शराबियों ने यहां मारपीट की थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शराबियों को खदेड़ा था। प्रतिनिधिमंडल में ब्लाक प्रमुख भोला भट्ट, पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री महेश शर्मा, पूरन सिंह खनी, हरिपुर नायक की प्रधान पार्वती खनी, हिम्मतपुर तल्ला की प्रधान कमला जोशी, हिम्मतपुर मल्ला की पुष्पा धोनी, नवीन शर्मा, पुष्पा राठौर, उमा, कमला सरस्वती और उषा मलिक शामिल रही।