हल्द्वानी। ढाई महीने के लॉकडाउन के बाद रविवार को बाजार पूरी तरह खुल तो गया लेकिन ग्राहकों के नहीं होने, व्यापारियों में खास उत्साह न होने, खराब मौसम आदि के चलते पहले दिन पूरी नीरसता रही। कई व्यापारियों ने शाम सात बजे से पहले ही दुकानों के शटर गिरा दिए।
कुछ व्यापारी शाम सात बजे तक दुकान खोलकर बैठे तो रहे लेकिन ग्राहक नहीं होने से उनमें भी मायूसी ही रही। बाजार एक जून से सात बजे तक खुलेगा या आज ही से खुल गया है इसको लेकर भी कई लोगों में असमंजस की स्थिति रही।
कपड़ा व्यवसायी महेश आहूजा ने कहा कि व्यापारी परेशान हैं। व्यापारियों ने ब्याज मुक्त लोन देकर कुछ राहत मिल सकती है। ऐसी परिस्थिति में कारोबार करना कठिन हो जाएगा।
वहीं व्यापारी विपिन सनवाल ने कहा कि किसानों को उत्पादों का वाजिब मूल्य नहीं मिल पा रहा है। किसान अपने कारोबार को लेकर आशंकित है।
व्यापारी अवनीश राजपाल ने कहा कि आने वाला समय कठिनाई भरा हो सकता है। जो सामान उपलब्ध है जैसे एलईडी, फ्रिज, टीवी, वॉशिंग मशीन आदि की डिमांड नहीं है।
दवा व्यवसायी संजय जैन ने कहा कि बाजार में सुनसानी है। ग्राहक जरूरत भर की चीजों के लिए आ रहा है। बाजार में खास भीड़ नहीं रही।
प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, महामंत्री वीरेंद्र गुप्ता, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र फर्सवान, निगम प्रभारी राजेन्द्र मुन्ना, प्रमोद गोल्डी आदि ने ने बाजार खोलने की समयसीमा बढ़ाने का स्वागत किया है। उधर, विधायक प्रतिनिधि जीवन सिंह कार्की ने कहा है कि अनलॉक 1.0 में पूरे भारत में एक राज्य से दूसरे राज्य में आने जाने पर लगी रोक हटाए जाने से उत्तराखंड में संक्रमितों की संख्या में इजाफा होने की आशंका है।
सीसीटीवी से बाजार पर रखी जा रही निगरानी
हल्द्वानी। बाजार खुलने के बाद सोशल डिस्टेसिंग को लेकर खतरा बढ़ गया है। रविवार को पुलिस ने मास्क नहीं पहनने वालों की सीसीटीवी से भी निगरानी की। एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि बाजार खुलने के बाद सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराने के लिए थानों और चौकी की पुलिस जांच कर रही है। इस मामले में कंट्रोल रूम की सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है। कैमरे की जद में बगैर मास्क वाले दिखाई देने पर पुलिसकर्मियों को कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं। आम जनता को सरकार की तरफ से सहूलियत दी गई है लेकिन लोगों को यह सोचना चाहिए कि सामाजिक दूरी और मास्क का पालन करना अति आवश्यक है।
मास्क नहीं लगाने पर 20 पकड़े गए
हल्द्वानी। बनभूलपुरा पुलिस ने मास्क नहीं लगाने वाले 20 लोगों को हिरासत में लेकर उनका पुलिस एक्ट के तहत पांच हजार रुपये का चालान किया।