भीमताल विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक दान सिंह भंडारी ने शनिवार को रामगढ़ ब्लाक के तल्ला रामगढ़ क्षेत्र में हुई जनसभा में भीड़ जुटाकर कांग्रेस के अन्य दावेदारों की बेचैनी बढ़ा दी है।
पिछले विधानसभा चुनाव में दान सिंह भंडारी भाजपा के सिंबल पर चुनाव जीते थे। कुछ माह पहले प्रदेश में सियासी उठापटक के बीच भंडारी भाजपा का साथ छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए थे। इस बार के विधानसभा चुनाव में भी भंडारी का नाम कांग्रेस में टिकट के प्रबल दावेदारों में शामिल है।
अपनी दावेदारी को और अधिक पुख्ता करने के लिए ही भंडारी ने शनिवार को तल्ला रामगढ़ में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री हरीश रावत के सामने खासा दमदार शक्ति प्रदर्शन किया। भीड़ देख कर मुख्यमंत्री हरीश रावत भी गदगद नजर आए। यही नहीं भंडारी के भाजपा में रहते उनके धुर विरोधी रहे कई कांग्रेसी नेताओं ने जनसभा के दौरान भंडारी की पीठ थपथपाते नजर आए।
शनिवार को भंडारी के इस शो के बाद इस विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के अन्य दावेदार भी बेचैन नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री हरीश रावत तयशुदा समय से लगभग ढाई घंटा देरी से तल्ला रामगढ़ स्थित नारायण स्वामी राजकीय इंटर कालेज के मैदान में पहुंचे। मुख्यमंत्री को सुबह साढ़े ग्यारह बजे सभास्थल पर पहुंचना था। वह दोपहर दो बजकर दस मिनट पर मैदान में पहुंचे। करीब डेढ़ घंटा लोगों के बीच रहने के बाद सीएम साढ़े तीन बजे हरिद्वार के लिए रवाना हुए।
मुख्य मंच पर 60 से ज्यादा नेता
कांग्रेसी नेताओं को मंच पर कुर्सी कब्जाना शायद कुछ ज्यादा ही पसंद है । आज भी ऐसा ही हुआ। मुख्य मंच में चुनिंदा कांग्रेसियों के लिए ही सीटें लगाई गई थी। मुख्यमंत्री पहुंचे तो मंच पर 60 से अधिक कांग्रेसी नजर आए। सीएम के स्वागत के लिए रामगढ़ ब्लाक कांग्रेस कमेटी की ओर से जैसे ही बड़ी माला को मंच पर लाया गया तो मंच पर मौजूद हर नेता उस माला के भीतर घुसता नजर आया।
कुर्सी, मुकुट के बाद अब तलवार भी दी सीएम को
धारी के पूर्व ब्लाक प्रमुख और सरकार के ऊर्जा संवर्धन समिति के सलाहकार कृपाल सिंह मेहरा ने मुख्यमंत्री को यह कहते हुए तलवार भेेंट की कि जब सीएम पहली बार आए थे तो उन्हें कुर्सी, दूसरी बार आए थे तो मुकुट पहनाया गया था। वह राजा को तलवार देना भूल गए थे।
डी के भीतर जमीन पर बैठ गए कार्यकर्ता
जिला प्रशासन की ओर से सीएम की सुरक्षा के लिए मुख्य मंच के सामने बैरीकेटिंग कर डी आकार में सुरक्षा घेरा बनाया गया था ताकि हर कोई डी से बाहर की ओर ही रहे। मौके पर ऐसी अव्यवस्था हुई कि सुरक्षा घेरा डी का कोई महत्व नहीं रहा। कई कार्यकर्ता डी के भीतर कुर्सी लगाकर तो कुछ जमीन पर ही बैठ गए।
...और नेताओं को मिला गला साफ करने का मौका
मुख्यमंत्री हरीश रावत के सभास्थल पर पहुंचने के तुरंत बाद ही उनका हैलीकाप्टर तेल भरवाने के लिए वापस हल्द्वानी की ओर उड़ गया। सीएम को हैलीकाप्टर के वापस लौटने तक सभास्थल पर बैठना ही था लिहाजा संचालक गणेश आर्या ने एक एक कर स्थानीय कांग्रेसजनों को संबोधन के लिए बुलाना शुरू किया। इस दौरान कांग्रेसी नेताओं ने माइक पर जमकर गला साफ किया।