कांग्रेस का दो दिनी कुमाऊं स्तरीय मंथन शिविर सर्किट हाउस में मंगलवार से शुरू हो रहा है। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देने में कांग्रेस नेता लगे रहे। पूरे इलाके में वृहद स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। सर्किट हाउस में बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए गए हैं, पूरा सर्किट हाउस कांग्रेसीमय हो गया है। मंथन शिविर में मुख्यमंत्री हरीश रावत एवं प्रदेश कांग्रेसी प्रभारी अंबिका सोनी भी शामिल होंगी। अधिकारियों ने भी यहां डेरा डाला हुआ था।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला अध्यक्ष सतीश नैनवाल समेत कांग्रेसी नेता जुटे रहे। सुरक्षा आदि प्रबंधों को जांचने के लिए अफसर भी पहुंचे। बताया जा रहा है कि मंथन शिविर में कांग्रेस की आगे की रणनीति को तैयार करने, 2017 के विधानसभा चुनाव की तैयारियां को लेकर भी चर्चा हो सकती है।
शिविर में करीब पांच सौ पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। देर शाम कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष किशोर उपाध्याय, वित्त मंत्री डा.इंदिरा हृदयेश ने मंथन शिविर की तैयारियों का जायजा लिया। शिविर के लिए कार्यकर्ता सोमवार को ही मुनस्यारी, धारचूला आदि दूर-दराज क्षेत्र से पहुंचने लगे। सीमांत क्षेत्र मुनस्यारी से ब्लाक अध्यक्ष मनोहर सिंह टोलिया, गोकरण जंगपांगी, दान सिंह, योगेश भाकुनी, जगत महर, कुंदन सिंह, राजकुमार, अभिषेक अधिकारी आदि भी पहुंच गए।