बागेश्वर। सीबीएसई बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम जारी हो गया है। केंद्रीय विद्यालय कौसानी की छात्रा मानसी बिष्ट ने 95.8 प्रतिशत हासिल कर जिला टॉप किया। जवाहर नवोदय विद्यालय सिमार के छात्र गौरव भट्ट ने 95.6 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा और जिम कार्बेट पब्लिक स्कूल के छात्र स्पर्श पांडेय 95.4 अंक हासिल कर जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बुधवार को दोपहर बाद परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। परीक्षाफल घोषित होने तक विद्यालयों में छुट्टी हो गई थी। स्कूल प्रबंधन के सदस्यों ने उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को विद्यालय में बुलाया और मिष्ठान वितरण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने पास होने की जमकर खुशी जताई। हालांकि अधिकांश स्कूलों के टॉपर विद्यार्थी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और कोचिंग करने के लिए जिले से बाहर हैं। इसके कारण वह स्कूल में नहीं आ सके थे। सीमित संख्या में ही उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को विद्यालय में शिक्षकों और अभिभावकों ने मिष्ठान विरतण किया। कंट्रीवाइड पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य एसएस बिर्दी, महर्षि की रेखा धामी, केंद्रीय विद्यालय के चंद्रशेखर तिवारी, एडम्स गरुड़ की रजिया सिद्दकी, जिम कार्बेट के पूरन कपिल, आनंदी एकेडमी के गौरव पंत आदि ने उत्तीर्ण परीक्षार्थियों को बताया कि परीक्षा का परिणाम उम्मीद के अनुरूप रहा है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं।