नैनीताल। कलाकारों और शिल्पकारों के समूह मेकर्स कलेक्टिव द्वारा मिस्त्री लैब्स में बृहस्पतिवार से सोमवार तक प्रायोगिक क्राफ्ट वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। यह पांच दिवसीय कार्यक्रम प्रतिभागियों को पारंपरिक और समकालीन शिल्प से जोड़ेगा। संयोजक अभिमन्यु के अनुसार, वर्कशॉप में लकड़ी की नक्काशी, लेदर क्राफ्ट, मेटलवर्क, एनामेलिंग और मिनिएचर मेकिंग जैसे सत्र होंगे। इसके अतिरिक्त, बाउल टर्निंग, कुमिको, सैंड कास्टिंग और पॉलीमर क्ले स्कल्पटिंग जैसी विशिष्ट कलाएं भी सिखाई जाएंगी। देश के विभिन्न हिस्सों से विशेषज्ञ इसमें शामिल होंगे। इनमें चंडीगढ़ से जैकिरन, दिल्ली से आबिद अली, गुरुग्राम से मिनाती बारो और नोएडा से विनी आनंद प्रमुख हैं। स्थानीय कलाकार पंकज भट्ट और अभिमन्यु भी सत्रों का नेतृत्व करेंगे। यह वर्कशॉप शुरुआती कलाकारों और अपनी दक्षता निखारने के इच्छुक लोगों के लिए है।