नैनीताल। राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के क्रम में गणतंत्र दिवस तक जिले में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसमें नागरिक सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ ही स्वच्छ, सुरक्षित वातावरण के निर्माण की पहल की जाएगी।
डीएम ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के साथ विद्यालय, अस्पताल, बाजार, बस अड्डा एवं आबादी से जुड़े मार्गों को प्राथमिकता से ठीक करें। सड़क किनारे, नालियों, सार्वजनिक स्थलों, आबादी के प्रवेश स्थलों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। इसमें नागरिकों, सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं युवाओं की सक्रिय भागीदारी रहे। डीएम ने कहा कि नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत क्षेत्रों में नगर आयुक्त, अधिशासी अधिकारी इन्हें देखेंगे। गांव में त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधि एवं अधिकारी क्षेत्र में सफाई एवं सुधार कार्य करवाएंगे। उन्होंने सीडीओ, एडीएम, एसडीएम समेत अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वह व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझते हुए व्यवस्थाएं करवाएं।