पेपर लीक के विरोध में महिला एकता मंच ने निकाला जुलूस।
रामनगर। मालधन चौड़ में महिला एकता मंच ने पेपर लीक प्रकरण के विरोध में रविवार को जुलूस निकाला। जुलूस में मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
रविवार को महिला एकता मंच के बैनर तले मालधन पुलिस चौकी से बड़ी संख्या में छात्रों व महिलाओं ने जुलूस निकाला। महिला एकता मंच की संयोजिका सरस्वती जोशी ने बताया कि स्नातक स्तरीय परीक्षा में एक लाख से भी ज्यादा युवा शामिल हुए थे लेकिन नकलमाफिया ने पेपर लीक कर युवाओं के सपनों पर पानी फेर दिया। ऐसे में मेहनत करने वाला युवा खुद ठगा महसूस कर रहा है। उन्होंने मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई। मांग पूरी नहीं करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान तुलसी छिमवाल, प्रभात ध्यानी, आनंद आर्य, इंद्रजीत, पुष्पा आर्य, पुष्पा चंदोला आदि मौजूद रहे।