बरसाती पानी से घरों को होने वाले खतरे से निजात दिलाने की मांग को लेकर भरतपुरी क्षेत्र के लोगों ने शुक्रवार को डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम एसएस जंगपांगी को सौंपा।
एसडीएम कार्यालय पहुंचे लोगों का कहना था कि आमडंडा से जो बरसाती नाला भरतपुरी और पंपापुरी से होकर जाता हैं, वर्तमान में इसका निर्माण कार्य भी चल रहा है। यह नाला पंपापुरी निवासी भोलादत्त पांडे के निवास तक बना है और उसके आगे करीब 100 मीटर नाले का निर्माण छोड़ दिया गया है, जिससे बरसाती नाले में आने वाले पानी से वहां के लोगों के मकानों को खतरा बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि बीच में नाले का निर्माण छोड़कर इस नाले को 100 मीटर से आगे कोसी नदी तक बनाया जा रहा है। उन्हाेंने ज्ञापन में मांग की है कि छोड़े गए भाग का भी निर्माण कराया जाए। ज्ञापन देने के दौरान नंदाबल्लभ पाठक, आशा बिष्ट, तारा पांडे, बचे सिंह मनराल, भुवन चंद्र, आशा रावत, हंसी देवी, रंजीत बिष्ट, जगदीश सती, भगवती पांडे, कमलेश कोठारी, कैलाश जोशी आदि थे।