हल्द्वानी के नैनीताल रोड पर देर रात लग्जरी कार और थार के पुलिस वाहन से टकराने के बाद हंगामा हो गया। नशे में धुत युवकों ने पुलिस से बहस की, तीन को कोतवाली ले जाकर मेडिकल कर चालान किया गया।
हल्द्वानी। नैनीताल रोड पर देर रात ड्रिंक एंड ड्राइव पर हंगामा खड़ा हो गया। लग्जरी गाड़ी पुलिस की सिटी पेट्रोल कार से टकरा गई। इसके साथ ही पीछे से आ रही थार भी कार से भिड़ गई। पुलिस दोनों वाहनों में सवार लोगों को कोतवाली ला रही थी तभी उसमें सवार युवक पुलिस से उलझने लगे।
विज्ञापन
दुर्गा सिटी सेंटर के पास बृहस्पतिवार रात 11 बजे बाद हुई घटना के उपरांत मौके पर भीड़ लग गई। हंगामा बढ़ने पर पुलिस लग्जरी कार सवार दो और थार सवार एक युवक को कोतवाली ले गई। बाद में उनका बेस अस्पताल में मेडिकल कराया गया। सूचना पर लग्जरी कार में सवार युवक के परिजन भी कोतवाली पहुंच गए। थार सवार सेना का जवान बताया गया है। उस पर भी पुलिस से उलझने का आरोप है।
बताया गया कि दोनों युवक नशे में थे। टक्कर इतनी तेज थी कि लग्जरी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। रात 12 बजे तक युवक के पक्ष के लोग कोतवाली में जमे रहे। कोतवाल अमर चंद्र शर्मा ने बताया कि कार सवारों का मेडिकल करा चालान किया गया है। संवाद