कुमाऊं और लखनऊ के बीच बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है, लेकिन नियमित ट्रेन केवल एक है। ऐसे में खासकर लखनऊ जाने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग को कम करने की योजना पूर्वोत्तर रेलवे ने बनाई है। इसी के तहत रामनगर-लखनऊ के बीच नई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव इज्जतनगर मंडल से भेजा गया है।
पहले लखनऊ के लिए बाघ एक्सप्रेस के अलावा नियमित नैनीताल एक्स. चलती थी। ब्रॉडगेज होने के बाद नैनीताल एक्स. को बंद कर दिया गया। इसके बाद कोई नियमित वैकल्पिक सेवा शुरू नहीं हुई। बहुत दबाव के बाद काठगोदाम-लखनऊ एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन शुरू किया गया। पहले यह ट्रेन लखनऊ और काठगोदाम से दिन में ही चलती थी। बाद में यात्रियों की डिमांड के बाद इसे लखनऊ से रात को कर दिया गया।
अब काठगोदाम-लखनऊ को बचे हुए दिनों में रामनगर-लखनऊ एक्सप्रेस सेवा के लिए वाया काशीपुर-लालकुआं होते हुए शुरू करने की योजना बनाई है। इससे लखनऊ के लिए लोगों को सेवा मिलेगी साथ में काशीपुर और रामनगर को भी एक और सेवा मिल सकेगी। इसके अलावा बाघ एक्स. की लखनऊ तक के लिए सीट की सबसे ज्यादा मारामारी होती है। इसमें लंबी वेटिंग को देखते हुए लालकुआं से लखनऊ तक के लिए ही पांच कोच बढ़ाने (एसी-2, एसी-3 और स्लीपर आदि) का प्रस्ताव भेजा गया है। लालकुआं-अमृतसर के बीच साप्ताहिक ट्रेन चलती है, जिसके फेरे कम से कम एक दिन और बढ़ाने की भी योजना है।
अप्रैल से बंद हो गई रामनगर-बांद्रा
हल्द्वानी। अप्रैल तक लखनऊ, कानपुर के लिए यात्रियों के पास रामनगर-बांद्रा एक्सप्रेस का विकल्प था। पर रूट बदलने से यह सेवा भी बंद हो गई। ऐसे में बाघ एक्सप्रेस पर दबाव बढ़ गया।
ट्रेनों का प्रबंधन होगा बेहतर
हल्द्वानी। लालकुआं में पिट लाइन तैयार हो गई है। ऐसे में जो बरेली-लालकुआं पैसेंजर ट्रेन धुलाई, मेंटेनेंस आदि का काम रामनगर पिटलाइन में होता था, वह काम लालकुआं में हो सकेगा। इससे ट्रेनों का प्रबंधन और समयबद्धता में और सुधार होने की बात रेलवे अधिकारी कर रहे हैं।
लालकुआं-दिल्ली इंटरसिटी भी लाइन में
हल्द्वानी। लालकुआं- दिल्ली के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस चलाने की लंबे समय से योजना बनी हुई है। यह ट्रेन वाया काशीपुर होकर चलेगी। इस प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिल सकती है।