हल्द्वानी। केंद्रीय कपड़ा एवं टैक्सटाइल राज्य मंत्री अजय टम्टा ने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान और संगठन की एकता सर्वोपरि है। उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की सामूहिक सहमति के बाद ही मोदी कैबिनेट में उत्तराखंड को प्रतिनिधित्व मिला है। उन्होंने कहा कि अब कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि मोदी सरकार की योजनाओं को घर घर तक पहुंचाकर 2017 में उत्तराखंड में कमल का फूल खिलाएं।
केंद्रीय कपड़ा राज्य मंत्री शुक्रवार को कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं बना रही है। केंद्र की योजनाओं से उत्तराखंड की हरीश रावत सरकार घबरा गई है। मोदी सरकार को बदनाम करने के लिए तमाम प्रपंच अपनाए जा रहे हैं। प्रदेश की जनता हताश और निराश है। जनता सभी दलों का रिपोर्ट कार्ड तैयार कर चुकी है। बस 2017 का इंतजार है। इस मौके पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री बची सिंह रावत, विधायक बंशीधर भगत, नगर अध्यक्ष विजय मनराल, मेयर जोगेंद्र पाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। संचालन जिला महामंत्री चंदन बिष्ट और राकेश नैनवाल ने किया। इस दौरान प्रदेश महामंत्री गजराज बिष्ट समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
स्वागत के लिए साढ़े तीन घंटे इंतजार
केन्द्रीय कपड़ा राज्य मंत्री अजय टम्टा के स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं को साढ़े तीन घंटे धूप में तपना पड़ा। मंत्री को सुबह साढ़े दस बजे ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचना था लेकिन मंत्री जी दोपहर एक बजे ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचे। इसके बाद ही बैंवक्ट हाल में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में पहुंचे।