किच्छा। ऑनलाइन मुनाफा पाने के लालच में विकास काॅलोनी निवासी एक व्यक्ति दस लाख रुपये गंवा बैठा। साइबर ठगों ने पीड़ित से अलग-अलग बैंकों में दस लाख रुपये जमा करवा लिए।
मो. हनीफ निवासी वार्ड 10 विकास काॅलोनी ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि उसके पास अज्ञात व्यक्ति राजकुमार ने फोन किया और कहा कि मैं बीटी मार्केट से बोल रहा हूं। हमारी कंपनी जमा धनराशि पर अत्यधिक लाभ देती है। इस पर विश्वास करके पीड़ित ने अपने एचडीएफसी बैंक के खाते से 1,50,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद नौ मार्च को 3,50,000 और 10 मार्च को 5,00,000 रुपये जमा किए। उसके बाद अब तक न तो लाभ मिला और न ही मूल रकम वापिस की गई। आरोप लगाया राजकुमार ने उसके साथ धोखाधड़ी व जालसाजी कर पैसे ठगे हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।