हल्द्वानी। लापता व्यवसायी की तलाश करने के लिए पुलिस की टीमें मुरादाबाद के अलावा मथुरा, हरिद्वार और सहारनपुर का चक्कर लगा रही हैं। पुलिस ने उत्तराखंड के पड़ोसी जिलों में पंफ्लेट भी बांटे हैं। पुलिस के कार्यों की प्रगति जानने के लिए व्यवसायी के बड़े भाई ने एसपी सिटी से मुलाकात की।
रामपुर रोड स्थित पेट्रोल पंप के पीछे (कृष्णाकुंज) निवासी स्टेशनरी व्यवसायी संजीव अग्रवाल बृहस्पतिवार सुबह सैलून जाने की बात कहकर कार से निकले। दोपहर तक व्यवसायी के नहीं लौटने पर बेटे ने कोतवाली पुलिस को अवगत कराया। जांच में पता चला कि उनका मोबाइल रामपुर में बंद हुआ है।
पुलिस ने रामपुर से आगे टोल टैक्स सीसीटीवी की जांच की तो पाया कि व्यवसायी ने अकेले अपनी कार की पर्ची कटवाई है। फिर आगे जोया टोल टैक्स के सीसीटीवी में व्यवसायी का फुटेज नहीं मिला। पुलिस ने मुरादाबाद रेलवे स्टेशन की सीसीटीवी चेक की तो व्यवसायी की तस्वीर दिखायी दी।
कार रेलवे की पार्किंग में मिल गई। व्यवसायी रेलवे प्लेटफार्म पर ट्रेन के इंतजार में खड़ा दिख रहा है। व्यवसायी ने मोबाइल कार में रखा है लेकिन उसमें सिम नहीं है। यानी उसने सिम कार्ड निकाल लिया है।
पुलिस इसी आधार पर व्यवसायी को बरामद करने के लिए सहारनपुर, हरिद्वार और मथुरा का चक्कर लगा रही है। एसपी सिटी यशवंत सिंह चौहान का कहना है कि इस मामले में यूपी के समीपवर्ती जिलों और दिल्ली में पंफ्लेट बांटे गए हैं। पंफ्लेट में व्यवसायी की फोटो के साथ सूचना देने के बारे में विवरण उपलब्ध है।