वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण समिति के प्रतिनिधियों ने डीएम से मिलकर वृद्धाश्रम की जमीन और कार्यालय सहित कई समस्याओं से अवगत कराया। डीएम ने एसडीएम और समाज कल्याण अधिकारी से विचार विमर्श कर हल्द्वानी के आस-पास वृद्धाश्रम के लिए जमीन तलाशने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ नागरिकों ने बताया कि डीएम ने वरिष्ठ नागरिक जनकल्याण समिति के कार्यालय के लिए नगर निगम भवन या जगदंबानगर के निर्माणाधीन भवन में व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है। सरकारी सेवाओं में वरिष्ठ नागरिकों को वरीयता देने के लिए डीएम ने अलग काउंटर खुलवाने का भरोसा दिया। फुटपाथों और बाजार के अन्य मार्गों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने पर बल दिया गया।
ईसाई नगर कब्रिस्तान की चारदीवारी के संबंध में डीएम ने मुआयना कर उचित कार्रवाई करने की बात कही। शिक्षण संस्थानों में मेला और प्रदर्शनी पर रोक लगाने के मामले में डीएम ने भी उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया। बुजुर्गों ने छात्रों और युवाओं को चरित्र निर्माण, नैतिकता, राष्ट्रीयता और नागरिक चेतना की शिक्षा पर बल देने पर जोर दिया। इस मामले में विशेषज्ञ देवेंद्र सिंह कोटलिया के अनुभवों को भी साझा किया।
एक अक्तूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्ध दिवस को सफल बनाने के लिए डीएम ने सहयोग देने का भरोसा दिलाया। डीएम को वरिष्ठ सदस्य विजया कुमारी मुक्ता ने स्वरचित कविता संग्रह भेंट किया। डीएम से मुलाकात करने वालों में समिति के अध्यक्ष आनंद सिंह ठठोला, जीवी जोशी, डीएस कोटलिया, शंकर दत्त तिवारी, रमेश चंद्र भट्ट, पूरन सिंह जीना, प्रेमा जोशी, निर्मला दरम्वाल, देवी श्री उपाध्याय, कर्नल एनएस नयाल, सीएम पांडे, एचपी जोसेफ, गौरीशंकर चड्ढा आदि थे।