हल्द्वानी। सप्ताह के पहले दिन बेस अस्पताल की ओपीडी में मरीजों और तीमारदारों की भीड़ लगी रही। लोगों को पर्ची बनवाने से लेकर चिकित्सक को दिखाने तक के लिए खासा इंतजार करना पड़ा। चिकित्सकों के मुताबिक बरसात का मौसम होने के कारण सर्दी, जुकाम, बुखार, त्वचा रोग आदि के मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं।सोमवार को अस्पताल खुलने से पहले ही वहां मरीज पहुंचने लगे थे। अस्पताल खुलते ही रजिस्ट्रेशन काउंटर, चिकित्सकों के कक्ष के बाहर और दवा काउंटर पर मरीजों की लंबी लाइन नजर आई। अस्पताल में फिजिशियन, दंत रोग और त्वचा रोग चिकित्सकों के कक्ष के बाहर मरीजों की कतार रही। चिकित्सकों का कहना था कि बारिश में भीगने से त्वचा में एलर्जी के अलावा सर्दी, जुकाम व बुखार की समस्या बढ़ जाती है। रविवार को ओपीडी बंद रहती है लिहाजा सोमवार को अस्पताल में एकाएक मरीजों की संख्या बढ़ जाती है।