नैनीताल। मौसम विभाग का पूर्वानुमान सही साबित हुआ और सोमवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक ऐसी करवट बदली कि दोपहर एक बजे समूचे क्षेत्र में अंधेरा छा गया और माहौल रात का सा नजर आने लगा। गाड़ियों से लेकर दुकानों की लाइटें जलानी पड़ीं।
शहर में सुबह से बादल थे और दिन चढ़ने के साथ ही घने कोहरे ने शहर को अपने आगोश में ले लिया। दोपहर करीब एक बजे अंधेरा छा गया। घंटे भर तक यही स्थिति बनी रही। इस दौरान हुई मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा।
तेज लहरों के चलते नैनीझील में पलटी नाव
नैनीताल। सोमवार को अंधड़ के चलते ही नैनीझील में ऊंचीं ऊंची लहरें उठने लगीं। इस दौरान झील के मध्य स्थित एक नाव भी पलट गई। नाव में सवार दो लोगों को दूसरी बोट में सवार लोगों ने बाहर निकाला। माई सिटी रिपोर्टर
सुरक्षा के चलते पुलिस ने वाहन रोके
नैनीताल। सोमवार को मौसम खराब होने पर तल्लीताल पुलिस ने नैनीताल से हल्द्वानी और भवाली की ओर जाने वाले वाहनों को डांठ में ही रोक लिया। इस दौरान पुलिस ने लाउडस्पीकर से एनाउंस किया कि लोग मौसम सही होने पर ही अपने वाहनों को आगे की ओर ले जाएं। इस दौरान कुछ देर के लिए जाम भी लगा रहा। माई सिटी रिपोर्टर
दुर्गा महोत्सव के लिए लगी दुकानें उड़ गईं
डीएसए मैदान में दुर्गा महोत्सव के लिए लगाई जा रही अस्थायी दुकानें आंधी में उड़ गईं। दुकानों में लगे टिन अंधड़ में कागजों की तरह उड़ गए। वहीं गुरुद्वारे के पास बनाया जा रहा गेट भी क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ।
दो गांव में पेड़ गिरने से दुकान क्षतिग्रस्त
सोमवार दोपहर में चले अंधड़ के कारण नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर दो गांव के पास विशालकाय पेड़ गिर गया। पेड़ की चपेट में आने से एक दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गई और यातायात कुछ देर के लिए ठप हो गया। सूचना पर दमकल की टीम जेसीबी की मदद से पेड़ हटाकर वाहनों की आवाजाही शुरू की गई।
नैनीझील में समुद्र जैसी लहरें, वीडियो बनाते रहे लोग
सोमवार को बारिश और अंधड़ के बीच नैनीझील में ऊंची ऊंची लहरें उठने लगीं। तल्लीताल क्षेत्र में करीब तीन फुट से ऊंची लहरें झील किनारे दीवारों से टकराती रही। इस दौरान लोगों ने सड़क पर खड़े होकर फोटो और वीडियो बनाई।
दोपहर बाद होटलों में लौटे सैलानी
दोपहर बाद मौसम खराब हुआ तो माल रोड व अन्य क्षेत्रों में मौज मस्ती कर रहे सैलानी कुछ देर आसपास की दुकानों में शरण लेने के बाद वापस होटलों को लौट गए। मौसम खराब होने के कारण दोपहर बाद नैनीझील में नौकायन भी पूरी तरह बंद हो गया और पर्यटक गतिविधियां भी प्रभावित हुई।