नैनीताल/ज्योलीकोट। गेठिया क्षेत्र में तेंदुए का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार देर रात एक तेंदुए ने गोशाला में घुसकर 14 बकरियों को मार डाला। तीन बकरियों को तेंदुआ जंगल की ओर ले गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से कार्रवाई की मांग की है।
गेठिया सैनिटोरियम निवासी प्रकाश चंद्र की गोशाला में देर रात तेंदुआ घुस आया। रात में लगातार बारिश होने के कारण किसी को घटना की भनक नहीं लगी। सुबह जब परिवार के लोग गोशाला पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। गोशाला में 11 बकरियां मृत पड़ी मिलीं जबकि तीन बकरियों को तेंदुआ उठा ले गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेंदुए की मूवमेंट से लोगों को घरों से बाहर निकलने में भय होने लगा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने और नियमित गश्त की मांग की है। ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दी गई है। अधिकारियों से पीड़ित पशुपालक को शीघ्र मुआवजा देने और क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की गई है।
वन विभाग की टीम ने मौके का निरीक्षण कर जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी है। पीड़ित को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पिंजरा लगाने की कवायद की जा रही है।
- आकाश गंगवार डीएफओ, नैनीताल