कांग्रेस की सदस्य रेखा आर्या की सदस्यता समाप्त होने के साथ ही सोमेश्वर विधानसभा सीट एक बार फिर रिक्त हो गई । यह सोमेश्वर की किस्मत ही कही जाएगी कि सीट रिक्त होने केठीक दो दिन बाद इसी सीट से प्रतिनिधित्व कर चुके कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा भी परीक्षा से गुजरेंगे। प्रदीप टम्टा अगर 11 जून को राज्यसभा में जाने में सफल रहे तो सोमेश्वर सीट ही है जहां के एक साथ दो सांसद प्रतिनिधित्व कर रहे होंगे। सोमेश्वर के विधायक रह चुके अजय टम्टा इस समय अल्मोड़ा से सांसद हैं।
2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के अजय टम्टा ने रेखा आर्या को हराया था। 2014 के लोक सभा चुनाव में अजय टम्टा ने कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा को हराया था। यही प्रदीप टम्टा 2002 के विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते थे। 2014 में रिक्त हुई सीट पर कांग्रेस ने रेखा आर्या को मैदान में उतारा था। बृहस्पतिवार को रेखा आर्य की सदस्यता समाप्त होने के साथ ही सोमेश्वर की सीट रिक्त हो गई। सोमेश्वर सीट के रिक्त होते ही अब कुमाऊं से चार विधानसभा क्षेत्रों पर किसी का प्रतिनिधित्व नहीं रह गया है। सितारगंज से पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, जसपुर से शैलेंद्र मोहन सिंघल और रामनगर से अमृता रावत की सदस्यता पहले ही समाप्त की हो चुकी है।