हल्दूचौड़ में प्रशासन की मैजूदगी में अतिक्रमण ध्वस्त करती जे सीबी
- फोटो : HALDUCHOD
हल्दूचौड़ (नैनीताल)। राष्ट्रीय राजमार्ग 109 के चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहित भूमि से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने बुधवार को जेसीबी से 24 से अधिक दुकानों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान ग्रामीणों की अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई। क्षेत्रवासियों की सूचना पर पहुंचे विधायक पुत्र एवं पूर्व प्रधान मुकेश दुम्का ने एसडीएम से दो दिन का समय मांगा और कहा कि दुकान स्वामी खुद अतिक्रमण हटा लेंगे। इस पर अधिकारियों ने अपनी ओर से कार्रवाई रोक दी।
उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह ने बताया कि नेशनल हाईवे प्रशासन की ओर से अधिग्रहित भूमि का दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान स्वामियों को मुआवजा मिल चुका है। उन्हें कब्जा हटाने के लिए दो बार नोटिस दिया गया, इसके बाद प्राधिकरण ने 15 दिसंबर तक अंतिम समय दिया था। इसके बाद भी दुकानदारों ने अतिक्रमण खाली नहीं किया। इसके बाद नेशनल हाईवे के अधिकारी राजस्व विभाग की टीम और पुलिस बल के साथ कब्जा हटाने पहुंचे।
टीम ने जेसीबी से कब्जे ध्वस्त करने शुरू किए। सूचना पर पहुंचे पूर्व प्रधान दुम्का की एनएच के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के लोगों से नोकझोंक हो गई। इसके बाद उन्होंने एसडीएम से फोन पर बात की और दो दिन का समय मांगा। उन्होंने कहा कि यदि दुकानदारों ने खुद ही अतिक्रमण नहीं हटाया तो दो दिन बाद जबरन अतिक्रमण हटा दिया जाएगा। इसके बाद प्रशासन की टीम ने कार्रवाई रोक दी।