विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल ने प्रदेश में कृषि के घटते रकबे पर चिंता जताई। उन्होंने प्रदेश सरकार और राजनैतिक दलों को मिलकर जल्द ठोस कृषि नीति बनाने की बात कही।
कुंजवाल यहां पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। नानीसार डीडा में प्रदेश सरकार द्वारा निजी जिंदल समूह को आवासीय विद्यालय बनाने के लिए दी गई भूमि के मुद्दे पर श्री कुंजवाल ने कहा कि विद्यालय को दी गई भूमि राज्य की जनता के हित में है तो इसका विरोध ठीक नहीं है, लेकिन यदि इसका कोई भी लाभ प्रदेश की जनता को नहीं मिल रहा तो सरकार द्वारा भूमि देना अनुचित है।
प्रदेश की स्थाई राजधानी के सवाल पर राजधानी आयोग की रिपोर्ट के मुद्दे पर उन्होंने इसे सरकार की जिम्मेदारी बताते हुये इससे अधिक टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
पत्रकार वार्ता में सिंचाई विभाग सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष पुष्कर दुर्गापाल, राज्य महिला आयोग उपाध्यक्ष अमिता लोहनी, ब्लाक प्रमुख संजय नेगी, डा. निशांत पपनै, नगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा बिष्ट, हेम भट्ट, दीपक भटट, मोहन फर्त्याल, संजय बिष्ट, कपिल रावत, किशोरलाल आदि मौजूद रहे।