नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पिछले चार दिनों से ठप पड़ी है जबकि विश्वविद्यालय की परीक्षाएं चल रही हैं। वेबसाइट ठप होने से हजारों विद्यार्थियों को परीक्षा कार्यक्रम, प्रवेश पत्र, नोटिस और अन्य आवश्यक शैक्षणिक सूचनाएं नहीं मिल पा रही हैं।
डिजिटल इंडिया और ऑनलाइन शिक्षा के दौर में कुमाऊं विश्वविद्यालय की वेबसाइट ठप होने से छात्रों में रोष है। छात्रों का कहना है कि परीक्षा जैसे संवेदनशील समय में तकनीकी व्यवस्था बाधित होना विद्यार्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। कुमाऊं विवि के छात्र महासंघ के अध्यक्ष आशीष कबड़वाल ने कहा कि इस समय सेमेस्टर परीक्षा चल रही हैं। ऐसे समय में सर्वर में खराबी आने का खामियाजा विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। जल्द ही इस संबंध में प्रशासनिक भवन पहुंचकर अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। इस संबंध में कुलसचिव मंगल सिंह मंद्रवाल का कहना है कि वेब सर्वर का भुगतान न होने के कारण वेबसाइट बंद हो गई है। जल्द ही वेबसाइट पुनः चालू कराई जाएगी। संवाद