हल्द्वानी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन का दावा है कि कोरोना पॉजिटिव मरीजों के इलाज के लिए तीन सौ बेड की क्षमता के हिसाब से तैयारी हो चुकी है। कुमाऊं में रिपोर्ट होने वाले रोगियों का इलाज एसटीएच में किया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन के अनुसार कुमाऊं में कोई भी कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलता है, तो उसका इलाज एसटीएच में किया जाएगा। प्रबंधन का दावा है कि तीन सौ बेड की क्षमता के हिसाब से तैयारी हो चुकी है। इसमें कोरोना पॉजिटिव व और संदिग्ध मरीज दोनों को भर्ती किया जा सकता है।
250 डॉक्टर तैनात
एसटीएच में करीब 250 डॉक्टर तैनात हैं जबकि लगभग 300 नर्स और 350 का पैरा मेडिकल स्टाफ तैनात है। आवश्यकता पड़ने पर कोरोना मरीजों के लिए 13 वेंटीलेटर को भी तैयार रखा गया है। प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा के अनुसार मौजूदा समय में डॉक्टर पर्याप्त हैं।
किट और मास्क पहुंचे
सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज के लिए संसधान जुटाए जा रहे हैं। बीते दिनों दो सौ पीपीई किट, दो हजार एन-95 मॉस्क भी पहुंच गए हैं। अन्य संसाधन जुटाने की भी तैयारी है।