शिक्षा विभाग को 54 नए एलटी शिक्षक मिल गए हैं। सभी शिक्षकों की नियुक्ति मंडल के दूर दराज ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित स्कूलों में की गई है। शिक्षकों को 15 दिन के भीतर अपने स्कूलों में कार्यभार ग्रहण करना है। 54 के अलावा 4 शिक्षक ऐसे हैं जिन्हें अपबंधिक श्रेणी में रखा गया है। इनके प्रमाण पत्र अपूर्ण हैं, पूर्ण प्रमाण पत्र जमा करने के बाद इन्हें भी नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे।
बता दें कि प्राविधिक शिक्षा परिषद से चयनित इन शिक्षकों की काउंसलिंग 30 मार्च को नैनीताल के शहीद मेजर राजेश अधिकारी राजकीय इंटर कॉलेज में हुई थी। सोमवार को 54 शिक्षकों की नियुक्ति आदेश जारी कर दिए गए हैं। इनमें 31 शिक्षक सामान्य विषय के, दो शिक्षक कला विषय, छह गणित, एक अंग्रेजी, पांच विज्ञान और नौ शिक्षक हिंदी विषय के शामिल हैं। नैनीताल जिले को 18, अल्मोड़ा जिले को 11, बागेश्वर को तीन, चंपावत को तीन जबकि सर्वाधिक 19 शिक्षक पिथौरागढ़ जिले को मिले हैं।
एडी कुमाऊं सुषमा सिंह ने बताया कि सभी नव नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति आदेश भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा विभागीय वेबसाइट पर भी नियुक्ति पत्र अपलोड़ कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी को ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित स्कूलों में तैनाती दी गई है। कहा कि इन्हें 15 दिन के भीतर कार्यभार ग्रहण करना जरूरी है।