नैनीताल। पटवाडांगर मार्ग क्षेत्र में युवती से मारपीट और दुष्कर्म की कोशिश की घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। बेलुवाखान और देवीधूरा के प्रधानों ने बताया कि देर रात तक टैक्सी और निजी वाहन क्षेत्र में बेवजह आवाजाही करते हैं। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे वाहन खड़े कर कुछ लोग पार्टी करते और हुड़दंग मचाते हैं जिससे महिलाओं का अकेले आना-जाना मुश्किल हो रहा है। ग्राम प्रधानों ने पुलिस-प्रशासन से नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने क्षेत्र में गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया है।