लालकुआं। डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश पर शनिवार को लालकुआं स्थित गौला गेट पर परिवहन विभाग, खनन विभाग और वन विकास निगम की संयुक्त टीम ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर ओवरलोडिंग और नियमों के उल्लंघन करने पर एक वाहन को सीज कर दिया तथा 24 से अधिक वाहनों के चालान किए। सहायक परिवहन अधिकारी जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने उपखनिज ले जाने वाले वाहनों की ओवरलोडिंग, तिरपाल (कवर) की व्यवस्था, तौल कांटे पर वजन की प्रक्रिया और अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। टीम ने खनन क्षेत्र में धूल प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराने को कहा। यह भी कहा कि उपखनिज ले जाने वाले सभी वाहनों को तिरपाल से ढककर ही परिवहन करना होगा और सड़क सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से करना होगा। इस दौरान खनन पर्यवेक्षक जय प्रकाश, वन विकास निगम के नरेंद्र मर्तोलिया, परिवहन विभाग के गिरीश कांडपाल, निधि सिंह, महेन्द्र सिंह आदि मौजूद रहे।