लालकुआं में सीओ कार्यालय का घेराव कर कार्यवाही की मांग करती बिंदुखता की महिलाएं।
- फोटो : LALKUAN
लालकुआं (नैनीताल)। बिंदुखत्ता क्षेत्र की महिलाओं ने मंगलवार को कच्ची शराब की बिक्री पर प्रतिबंध लगाने और कांग्रेसियों से मारपीट के आरोपी की तीन दिन बाद गिरफ्तारी न होने के विरोध में लालकुआं तक जुलूस निकाला और कोतवाली का घेराव किया। बाद में पुलिस क्षेत्राधिकारी कार्यालय में प्रदर्शन किया और ज्ञापन देकर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
बिंदुखत्ता इंदिरानगर प्रथम व द्वितीय क्षेत्र की 60 से अधिक महिलाओं ने शहीद स्मारक से जुलूस निकाला। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही पुलिस पर शराब तस्करों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहतास सागर ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं पुलिस पर ही अवैध वसूली का आरोप लगाने लगी। इसके बाद कोतवाली का घेराव किया और बाद में सीओ कार्यालय पहुंची। पुलिस क्षेत्राधिकारी बीएस भाकुनी ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में कांग्रेसी बीना जोशी, राधा रानी, तुलसी बिष्ट, भवानी दानू, विमला जोशी, फूला देवी, उर्मिला धामी, सुनीता देवी, रेवती देवी, गीता देवी, भावना आर्या, ममता देवी, हेमा देवी, नंदी देवी, भावना बिष्ट, मधुबाला, सुनीता देवी आदि शामिल रहीं।