रामनगर। मुरादाबाद से आए भिखारी ने ढाई साल की बच्ची का अपहरण कर लिया लेकिन घर से आधा किमी दूर आरोपी को रंगेहाथ दबोच लिया गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भवानीगंज क्षेत्र निवासी ढाई साल की बच्ची रविवार शाम करीब नौ बजे घर के बाहर खेल रही थी जबकि परिजन घर में कामकाज कर रहे थे। आधा घंटे बाद परिजनों ने देखा कि बच्ची गायब हो गई।
उन्होंने आसपास के लोगाें समेत पुलिस को सूचित कर उसकी तलाश शुरू की। तभी घर से करीब आधा किमी दूरी पर मोहल्ले के युवक ने इस बच्ची को देखा तो अनहोनी की आशंका जताते हुए शोर मचा दिया। लोगों ने बच्ची परिजनों को सौंपी और मारपीट कर आरोपी को पुलिस को सौंप दिया। आरोपी ने अपना नाम थाना मझोला जिला मुरादाबाद यूपी के ग्राम जयंतीपुर मियां कॉलोनी करुला की पुलिया निवासी मो. असद बताया।
वह दिव्यांग बताया गया है। बताते हैं कि वह करीब डेढ़ साल से भीख मांग कर फुटपाथ आदि सार्वजनिक स्थानों पर सोता था। एसएसआई कविंद्र शर्मा ने बताया कि आरोपी ने शराब भी पी थी। बालिका के पिता ने पुलिस को नामजद तहरीर सौंपकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसआई सुमन पंत ने दोनों पक्षों से पूछताछ की। पुलिस ने धारा 363 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।