रामनगर (नैनीताल)। ढिकुली में जन्मदिन मना रहे युवकों के दो गुटों के बीच मारपीट हो गई। इस बीच एक पक्ष युवक को जबरन बाइक में बैठाकर आमडंडा तक लेकर आया और वहां छोड़ गया। पुलिस ने मारपीट के शिकार युवक की तहरीर पर चार युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार युवकों में छह माह पहले भी मारपीट हुई थी।
किलावली कुंडा निवासी नितिन चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने दोस्त का जन्मदिन मनाने ढिकुली आए थे। ढिकुली में वह साथियों के साथ जन्मदिन का केक काट रहा था, तभी बाइक से हिमांशु, सचिन, पंकज और मुकुल निवासी मालधन भी वहां आ धमके। चोरों ने आते ही मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के बाद वह नितिन को जबरन बाइक में बैठाकर आमडंडा तक लाए और वहां छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। एसएसआई जयपाल सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बताया कि नितिन चौधरी और हिमांशु के बीच छह महीने पहले भी मारपीट हुई थी। उसी विवाद में ढिकुली में युवाओं के बीच मारपीट हुई। पुलिस जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करेगी।