गरमपानी (नैनीताल)। स्वास्थ्य सेवाओं में स्वच्छता, गुणवत्ता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में की गई उत्कृष्ट पहल के चलते कायाकल्प पुरस्कार 2024-25 के परिणाम सोमवार को घोषित किए गए। जिला चिकित्सालय वर्ग में जिला चिकित्सालय गोपेश्वर को प्रदेश स्तरीय प्रथम पुरस्कार मिला है। उपजिला चिकित्सालय वर्ग में सीएचसी सहिया देहरादून अव्वल रहा। विशेष श्रेणी पर्यावरण मैत्री वर्ग के तहत जिला चिकित्सालय वर्ग में जिला चिकित्सालय देहरादून (कोरोनेशन) और उप जिला चिकित्सालय वर्ग में सीएचसी गरमपानी नैनीताल ने प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान पाया है। जनपद नैनीताल से अन्य इकाइयां भी पुरस्कृत हुई हैं। जिला चिकित्सालय बीडी पांडे और सीएचसी सुयालबाड़ी को सांत्वना पुरस्कार मिला है। पीएचसी ओखलकांडा और आयुष्मान आरोग्य मंदिर हिम्मतपुर रामनगर ने भी कायाकल्प पुरस्कार की सूची में जगह बनाई है।