अमर उजाला द्वारा प्रायोजित 95वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में करनाल ने अमृतसर को और लखनऊ ने शाबाद को हराया। जिला क्रीड़ा संघ और जिमखाना क्लब के सहयोग से यहां डीएसए मैदान में आयोजित हॉकी प्रतियोगिता में पहला मुकाबला एचजीपीसी हॉकी एसोसिएशन अमृतसर और हॉकी करनाल, करनाल के बीच खेला गया।
मध्यांतर तक दोनों ही टीमें कोई गोल नहीं कर सकी थी। मध्यांतर के बाद करनाल की ओर से खेल के 52वें मिनट में कप्तान नरेंद्र यादव ने एक गोल कर स्कोर 1-0 कर दिया। अमृतसर की ओर से गोल उतारने का प्रयास किया गया लेकिन आखिरी क्षणों तक अमृतसर की टीम गोल नहीं उतार सकी और करनाल ने यह मैच 1-0 से जीत लिया।
दूसरे मुकाबले में नार्दन रेलवे लखनऊ और मार्कंडेय हाकी क्लब शाबाद आमने-सामने थे। मध्यांतर से पहले ही लखनऊ की ओर से खेल के 9वें मिनट में अखिलेश कुमार यादव ने एक गोल कर स्कोर 1-0 कर दिया जबकि मध्यांतर के बाद लखनऊ की ओर से ही खेल के 35वें मिनट में सौरभ शर्मा ने एक और गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।
इसी बीच खेल के 56वें मिनट में शाबाद की ओर से हंसराज ने एक गोल कर स्कोर 2-1 पहुंचा दिया लेकिन आखिरी में लखनऊ की टीम 2-1 के स्कोर से मैच जीत गई। मैच के निर्णायक विनय चौधरी व मोहित कुमार थे। उद्घोषक मनोज कुमार थे।
बुधवार को दोपहर बाद साढ़े तीन बजे से कोस्ट आफ सिग्नल जालंधर व हाकी करनाल करनाल के बीच, दूसरा मैच महाराष्ट्र पुलिस और बीएसएसडब्लू हॉकी एकेडमी फिरोजपुर, तीसरा मैच नेशनल हाकी क्लब कपूरथला और एसजीपीएस हाकी एकेडमी अमृतसर के बीच खेला जाएगा।