विश्व प्रसिद्ध कैलाश मानसरोवर की यात्रा को लेकर इस साल भी संशय की स्थिति बनी हुई है। यात्रा का आयोजन करने वाले कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) को अब तक केंद्र सरकार की ओर से कोई दिशा निर्देश नहीं मिले हैं। निगम ने भी अपने स्तर पर यात्रा को लेकर तैयारियां नहीं की हैं। ऐेसे में यात्रा पर जाने की तैयारी कर रहे शिवभक्तों का इंतजार और बढ़ सकता है।
कुमाऊं मंडल विकास निगम जून के महीने में शुरू होने वाली इस यात्रा का आयोजन करता था। वर्ष 2020 में कोरोना संक्रमण को देखते हुए केंद्र सरकार ने यात्रा की अनुमति नहीं दी। वर्ष 2021 में भी यही हालात रहे। 2022 में कोरोना संक्रमण थमने के बाद भी सरकार ने यात्रा का आयोजन नहीं किया। अब कोरोना का प्रभाव नहीं है। लिहाजा इस वर्ष उम्मीद थी कि कैलाश मानसरोवर यात्रा होगी लेकिन अब तक केंद्र सरकार की ओर से ऐसा कोई संकेत निगम को नहीं मिला है जबकि इससे पहले जनवरी से ही यात्रा की तैयारियां शुरू हो जाती थीं।
विश्राम गृह, यात्रा का पैदल रूट, राशन पहुंचाने से लेकर अन्य कार्य कर लिए जाते थे। अब फरवरी खत्म होने तक कोई हलचल नहीं है। केएमवीएन के महाप्रबंधक एपी वाजपेयी का कहना है कि विदेश मंत्रालय इस संबंध में कोई दिशा निर्देश नहीं मिले हैं। वाजपेयी का कहना है कि ऐसे में यात्रा की संभावनाएं कम ही लगती हैं।