कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग में आवासीय सुविधाओं के सुधार और विस्तारीकरण के लिए सीएम की पूर्व घोषणा के क्रम में शासन ने 23 करोड़ 32 लाख रुपये की विभिन्न योजनाओं की वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। इसके तहत इस वर्ष के लिए 4 करोड़ 95 लाख रुपये भी जारी कर दिए हैं। इस राशि से मुनस्यारी में नये पर्यटक आवास गृह के निर्माण के साथ ही बिर्थी आवास गृह तथा होली-डे होम अल्मोड़ा का उच्चीकरण किया जाएगा औैर चार नये वाहन भी खरीदे जाएंगे।
कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक धीराज सिंह गर्ब्याल ने बताया कि मुनस्यारी में वर्तमान आवास गृह के सुधारीकरण के अलावा नये स्थान पर एक और आवास गृह निर्मित किया जाएगा। 12 जून से शुरू होने जा रही कैलास मानसरोवर के लिए यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले आवास गृहों में रंगाई-पुताई के अलावा नये फर्नीचर तथा बिस्तर आदि की व्यवस्था की गई है। श्री गर्ब्याल ने बताया कि इस बार गाला और सिरखा में आधुनिक और गर्म रहने वाली पांच-पांच फाइबर हट लगाई गई हैं। साथ ही गुंजी, कालापानी और नाभीढांग में लोकेशन फाइनल कर ली गई है।
श्री गर्ब्याल ने बताया कि यात्रियों को उनके पहले पड़ाव अल्मोड़ा में भी इस बार बेहतर सुविधाएं दी जाएंगी। साथ ही वहां उन्हें कुमाऊंनी और गढ़वाली संस्कृति के कार्यक्रम दिखाए जाएंगे। धारचूला में यात्रियों का नेपाली और जनजातीय संस्कृति के कार्यक्रमों से स्वागत किया जाएगा। धारचूला मेें भी यात्रियों के लिए नए फर्नीचर, बिस्तर आदि से आवास गृहों को संवारा गया है। श्री गर्ब्याल ने बताया कि शासन की ओर से जारी राशि से विभिन्न आवास गृहों के सुधारीकरण के अलावा उनमें आधुनिक सुविधायें भी उपलब्ध कराई जाएंगी।