नैनीताल। नैनीताल की धाविका ज्योति फर्त्याल ने 31 मई को सीमांत क्षेत्र नीति घाटी के रिमथीम में आयोजित हाई एल्टीट्यूड मैराथन में पांचवां स्थान हासिल किया।
यह दौड़ समुद्र तल से लगभग 4500 फीट की चुनौतीपूर्ण ऊंचाई पर हुई थी। प्रतियोगिता के दौरान भारी बर्फबारी और फिसलन भरे मार्ग ने धावकों की कड़ी परीक्षा ली।
ऑक्सीजन की कमी और कड़ाके की ठंड के बावजूद ज्योति का हौसला नहीं डगमगाया।
उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय एक साल की कड़ी मेहनत, कोच के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया। ज्योति ने बताया कि बर्फबारी से मुश्किलें आईं, पर उन्होंने मानसिक रूप से खुद को मजबूत बनाए रखा। उनका लक्ष्य केवल अपनी तैयारी पर भरोसा करना था। उनकी इस उपलब्धि पर स्थानीय खेल प्रेमियों और क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह है।