हल्द्वानी। जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क की तर्ज पर अब सैलानी नंधौर वन्यजीव अभयारण्य में भी जंगल सफारी का आनंद उठा सकेंगे। नंधौर वन्यजीव अभयारण्य प्रशासन ने जीप सफारी और नेचर गाइड के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन पत्र पांच मार्च से प्रभाग के कार्यालय से मिलेंगे।
नंधौर वन्यजीव अभयारण्य के दो प्रवेश द्वार-नैनीताल जनपद में नंधौर रेंज के अंतर्गत चोरगलिया प्रवेश द्वार एवं चंपावत जनपद में शारदा रेंज अंतर्गत ककराली प्रवेश द्वार से 25-25 वाहनों और नेचर गाइडों के पंजीकरण किए जाएंगे। पंजीकरण के लिए प्रस्ताव प्रभागीय वनाधिकारी कुंदन कुमार ने वन संरक्षक पश्चिमी वृत्त के माध्यम से मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को भेजा था, जिसे अब अनुमति मिल गई है। हल्द्वानी वन प्रभाग की इस मुहिम से स्थानीय लोगों के लिए आजीविका के अवसर पैदा होंगे साथ ही पर्यटकों को इको-टूरिज्म के माध्यम से वनों और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए जागरूक किया जा सकेगा।