रामनगर(नैनीताल)। दिल्ली में 10 सिंतबर को हो रहे जी-20 सम्मेलन को लेकर रामनगर में पर्यटकों की आमद से पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल गए है। 10 सितंबर तक रामनगर के रिजाॅर्ट व होटल की बुकिंग फुल हो चुकी है। कॉर्बेट पार्क के ढेला व झिरना की भी बुकिंग फुल हो चुकी है। पर्यटकों का आगमन भी शुरू हो गया है।
दिल्ली में 8 से 10 सितंबर के बीच जी-20 सम्मेलन आयोजित हो रहा है। जी-20 सम्मेलन को लेकर दिल्ली में कुछ पाबंदियां भी लगाई गई है। ऐसे में दिल्ली के पर्यटकों ने रामनगर, नैनीताल सहित हिल स्टेशनों का रुख किया है। रामनगर की बात करें तो यहां पर 250 से अधिक रिजॉर्ट व होटल है। इनमें अधिकांश में दस सितंबर तक बुकिंग फुल हो चुकी है और पर्यटकों का आगमन भी शुरू हो गया है। रिजॉर्टो के अलावा कॉर्बेट पार्क का ढेला व झिरना रेंज में भी जंगल सफारी की बुकिंग फुल हो चुकी है। वर्तमान में कॉर्बेट पार्क का ढेला व झिरना रेंज में ही जंगल सफारी हो रही है। एक अक्टूबर से बिजरानी और 15 नवंबर से ढिकाला जोन में पर्यटन गतिविधियां शुरू होगी। जंगल सफारी के लिए कॉर्बेट की ओर पर्यटकों को रूझान रहता है। कॉर्बेट पार्क के ईको टूरिज्म के रेंजर निर्मला पांडेय ने बताया कि 10 सितंबर तक ढेला व झिरना रेंज की बुकिंग फुल है। जन्माष्टमी पर्व की छुट्टियों को लेकर भी पर्यटक ऑनलाइन बुकिंग कर रहे है। 10 सिंतबर तक रिजॉर्ट, होटलों की बुकिंग फुल हो चुकी है।
दस सितंबर तक बुकिंग हुई है, उसमें बुकिंग कराने वालों में काफी संख्या में दिल्ली के रहने वाले लोग हैं। दिल्ली में जी-20 सम्मेलन होने जा रहा है। उसको लेकर कुछ पाबंदिया है, इसके अलावा बीच में अवकाश भी हैं। ऐसे में काफी पर्यटक रामनगर की तरफ आने का प्लान बनाया है। पर्यटन दृष्टि से बेहतर स्थितियां हैं। अधिकांश रिजार्ट फुल हो चुके हैं, इससे पर्यटन कारोबारी काफी खुश है।
हरि सिंह मान, अध्यक्ष रिजॉर्ट, होटल एसोसिएशन